जौनपुर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को रिहा करने की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के पदाधिकारियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। राज्यपाल को भेजे गए ज्ञापन में यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सत्यवीर सिंह और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष शिखर द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार की इस नीति से लोगों के अंदर सेवा भावना की जिज्ञासा खत्म हो जाएगी। यदि गरीबों की सेवा करना गुनाह है तो कार्यकर्ता गुनाह करने के लिए तैयार है। महामारी के दौर में लोग निराश और हताश होकर अपने घरों में बैठ गए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को मजदूरों की सेवा करने के जुर्म में जेल में डाल दिया गया यह इस बात का संदेश है कि मुख्यमंत्री और उसके नेता गरीब मजदूरों के खिलाफ है। ज्ञापन सौंपने वालों में सत्यम श्रीवास्तव व विशाल सोनी आदि उपस्थित रहे।