मड़ियाहूं के सोईथा विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण करते ऊर्जा मंत्री एके शर्मा। स्रोत-संवाद
मड़ियाहूं (जौनपुर)। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शनिवार को मिर्जापुर से सुल्तानपुर जाते समय मड़ियाहूं विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य में लापरवाही मिलने पर उन्होंने सख्त रुख अपनाया, जिसके बाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता (जेई) शहजाद अली ड्यूटी से नदारद मिले। मंत्री के निर्देश पर उन्हें फोन कर बुलाया गया लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। अधीक्षण अभियंता अनिल पाठक ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही और निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने पर जेई शहजाद अली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शाहगंज निर्धारित किया गया है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, एसडीओ सौरभ तिवारी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। मंत्री एके शर्मा ने उपकेंद्र की विद्युत व्यवस्था, फीडरों की स्थिति और सप्लाई व्यवस्था की विस्तार से पड़ताल की। जांच के दौरान लॉग शीट भरने में अनियमितता पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को चेताया कि अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सके।