मछलीशहर। तहसील में सैकड़ों वादकारी अदालती काम नहीं होने के कारण अगली तिथि लेकर लौट गए।अधिवक्ता संघ की तरफ से शोक प्रस्ताव पारित कर न्यायिक कार्य से विरत रहने की घोषणा कर दी गई। उधर अधिकारी अन्य प्रशासनिक कार्य में व्यस्त हो गए।
उपजिलाधिकारी की अदालत में सोमवार को 225 मुकदमे की तो तहसीलदार प्रशासन की अदालत में 115 मामले में सुनवाई थी। इसी तरह से तहसीलदार न्यायिक की अदालत व तीनों नायब तहसीलदार की अदालत में भी मुकदमे में सुनवाई होनी थी। सप्ताह के पहले ही दिन अधिकारी भी मौजूद रहे तो लोग अपने मुकदमे में कुछ कार्यवाही होने की उम्मीद लगाए आए थे, किंतु तहसील पहुंचे तो उन्हें पता चला कि एक अधिवक्ता के चाचा की मौत होने के कारण पूरा अधिवक्ता संघ शोकाकुल हो गया है। जिस कारण अदालती कामकाज ठप हो गया है। ऐसे में प्रशासनिक अधिकारी भी थोड़ी देर जन सुनवाई करने के बाद अन्य कार्य में व्यस्त हो गए। अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से बार-बार विरत रहने के कारण वादकारी परेशान हो रहे हैं। अदालतों में सालों से पत्रावलियां लंबित पड़ी है।