निजीकरण के प्रस्ताव के विरोध में आंदोलित बिजली विभाग के कर्मचारियों ने गुरुवार को एक्सईएन कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर दो बजे से शाम पांच बजे तक धरना दिया। उत्तर प्रदेश विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर आंदोलित कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने अपने फैसले को वापस नहीं लिया, तो 27 मार्च को बिजली विभाग के कर्मचारी पूरे दिन कार्य बहिष्कार करेंगे। धरना सभा को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेताओं ने कहा कि एक तरफ सरकार एक साल के कार्यकाल पूरा होने का जश्न मना रही है और उसमें बिजली व्यवस्था सुधार लाने का गुणगान भी गा रही है, वहीं दूसरी तरफ इस पूरी व्यवस्था को निजी हाथों में देने की तैयारी कर रखी है। कर्मचारी नेता एवं इस आंदोलन के संयोजक निखिलेश सिंह ने कहा कि सरकार प्रदेश में बिजली विभाग को निजीकरण किए जाने का प्रस्ताव वापस ले, वरना 27 मार्च से कर्मचारी पूरे दिन कार्य बहिष्कार कर आंदोलन करेंगे। सभा की अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता एके मिश्र तथा संचालन निखिलेश सिंह ने किया। इस मौके पर अश्वनी श्रीवास्तव, बीबी सिंह, आरके कुशवाहा, संजय गुप्ता, आलोक उपाध्याय, मनीजर प्रसाद, शिवशंकर, राजकुमार, आदि रहे।