जौनपुर। शहर के मुख्य मार्ग जेसीज चौराहा मंगलवार को पूरे दिन जाम रहा। यहां रोज वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं। आधा किमी क्षेत्र से 10 हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। 10 मिनट की दूरी को तय करने में 40 मिनट से अधिक का समय लगता है। यातायात पुलिस की ड्यूटी होने के बावजूद राहगीरों को घंटों जाम से जूझना पड़ता है। जाम का मुख्य कारण यहां रोडवेज और निजी बसों को खड़ी कर चालक और कंडक्टर सवारी भरते हैं।
जौनपुर शहर के मुख्य मार्ग जेसीज चौराहा से पूर्व की ओर से आजमगढ़, गोरखपुर, केराकत, शाहगंज जबकि पश्चिम की ओर से जलालपुर, वाराणसी, बाबतपुर, बदलापुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, दिल्ली तक वाहनों का आवागम होता है। जिम्मेदारों के सुस्ती से यहां प्रतिदिन सुबह से लेकर शाम तक रोडवेज, निजी बसों के अलावा डग्गामार वाहनों के चालक वाहन खड़ा कर सवारी भरते हैं। इसी मार्ग से होकर लोग जिला अस्पताल, दीवानी कचहरी, कलेक्ट्ररी कचहरी, रोडवेज डिपो मार्ग तक जाते हैं। इसके अलावा बड़े कॉलेज, कोचिंग सेंटर, इसी मार्ग पर होने से शिक्षकों समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। कभी-कभी जाम इतना लंबा हो जाता है कि लोग घंटों परेशान होते हैं। वाहन सवारों को छोड़े तो जाम के चलते पैदल चलने वालों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। राहगीर संदीप प्रजापति, विनोद सिंह, अभय दुबे, रविंद्र तिवारी आदि लोगों ने बताया कि मुख्य मार्ग जेसीज चौराहा पर आए दिन जाम लगने से परेशानी होती है। लोगों ने इस समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन से मांग की है।
...............................................
वर्जन ...
मुख्य मार्ग जेसीज चौराहा पर वाहन चालकों को सवारी भरने के लिए मना किया गया है। ऐसे वाहनों के खिलाफ कई बार चालान भी किया गया है। इसके बावजूद चालक वाहन खड़ाकर सवारी का इंतजार करते हैं। अब इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- सत्येंद्र कुमार सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन।