पहलवान सौरभ फाइल फोटो स्रोत परिजन
गौराबादशाहपुर। धर्मापुर ब्लॉक के गजना गांव निवासी राष्ट्रीय पहलवान लालमन यादव के पुत्र एवं उभरते पहलवान सौरभ यादव का चयन 79 किलोग्राम भारवर्ग फ्रीस्टाइल अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए हुआ है। उनके चयन से न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव और जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई है। क्षेत्रवासी इसे जौनपुर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।
सौरभ यादव ने बताया कि अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप अगस्त माह में स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में दुनिया के कई देशों के नामचीन पहलवान अपनी चुनौती पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए चयन होना उनके साथ-साथ पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। बातचीत में सौरभ ने कहा, विश्व स्तर पर देश के लिए पदक जीतना मेरी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए मैं पूरी मेहनत और ताकत झोंक दूंगा। चयन की खबर मिलते ही शुभचिंतक, खेल प्रेमी और क्षेत्र के लोग उनके घर पहुंचकर बधाई देने लगे। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
कुश्ती संघ के जिलाध्यक्ष धनंजय पहलवान, कोच अशोक कुमार, जितेंद्र सिंह, विजय बहादुर सोनकर, सूर्यनाथ यादव, अनीस, रमाकांत, पहलवान शोभनाथ, पहलवान चंद्रशेखर और पहलवान कमला सहित अनेक खेल प्रेमियों ने सौरभ यादव को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह विश्व मंच पर देश और जनपद का नाम रोशन करेंगे।