जौनपुर। 71वीं वाराणसी जोन अंतरजनपदीय पुलिस प्रतियोगिता का पुलिस लाइन में बुधवार की शाम को समापन हो गया। 10 अप्रैल से शुरू तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में जौनपुर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। समापन अवसर पर एडीजी जोन वाराणसी राम कुमार ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता में वालीबॉल, बास्केटबॉल, हैण्डबॉल, योगा, सेपक टकरा, टेबल टेनिस की प्रतियोगिताएं हुईं। इसमें वाराणसी, आजमगढ़, मिर्जापुर रेंज के कुल नौ जनपदों और वाराणसी कमिश्नरेट की टीमें हिस्सा लीं। प्रतियोगिता में वालीबॉल (महिला) में जौनपुर और मिर्जापुर के बीच फाइनल मैच खेला गया, जिसमें मिर्जापुर की टीम विजयी रही। इसी तरह सेपक टकरा पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में फाइनल मैच जौनपुर और वाराणसी के बीच हुआ, जिसमें वाराणसी विजेता रही। बास्केटबॉल पुरुष वर्ग का फाइनल मैच मिर्जापुर और सोनभद्र के बीच हुआ, जिसमें सोनभद्र ने मुकाबला जीता। बास्केटबाल महिला वर्ग में मिर्जापुर और बलिया की टीम आमने-सामने थी, जिसमें बलिया मैच जीत गई। टेबल टेनिस पुरुष वर्ग में चंदौली और जौनपुर की टीमें भिड़ीं, जिसमें जौनपुर जीता। टेबल टेनिस महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला सोनभद्र और जौनपुर के बीच हुआ, जिसमें सोनभद्र विजयी रहा। हैण्डबॉल पुरुष वर्ग में फाइनल मैच जौनपुर और वाराणसी के बीच हुआ, जिसमें जौनपुर की टीम विजेता बनी। योगा प्रतियोगता में जौनपुर, बलिया, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ, चंदौली व वाराणसी की टीमें शामिल हुईं। इसमें जौनपुर पहले नंबर पर रहा। एसपी डॉ. अजय पाल शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दिया।