ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त दूल्हे की कार।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर जनपद के सिकरारा थाना क्षेत्र के प्रतापगंज बाजार में बृहस्पतिवार की दोपहर बरात में जा रहे दूल्हे की कार ट्रक से टकरा गई। कार क्षतिग्रस्त हो गई जबकि दूल्हा और उसमें सवार अन्य लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत भाग गया। हादसे की जानकारी होते ही घराती पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो बाइक पर सवार होकर दूल्हा ससुराल पहुंचा।
प्रतापगढ़ जिले के देवरी गांव निवासी नूर हसन की शादी के लिए बरात सिकरारा थाना क्षेत्र के गुलजारगंज गांव जा रही थी। दोपहर में ही निकाह होना था। दूल्हे की कार प्रतापगंज के पास पहुंची थी तभी पीछे से आ रहा ट्रक कार के बगल से टकरा गया। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। मौका पाकर ट्रक लेकर चालक तेज रफ्तार में भाग गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो कार में सवार सभी को सुरक्षित देख लोगों ने राहत की सांस ली। बरात जहां जा रही थी वहां से घटना स्थल महज एक किलोमीटर दूर था। सूचना पर घराती पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और दूल्हे को बाइक पर बैठाकर ले गए। इसके बाद निकाह संपन्न हुआ।