जौनपुर में पहले स्वतंत्रता और गणतंत्र दिवस एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था, लेकिन अब वह दौर नहीं रहा। देश के गणतंत्र बनने के गवाह रहे लोग उस समय को याद कर गर्व महसूस करते हैं। पर आज की स्थिति देखकर दुखी हो जाते हैं।
जिले के सुजानगंज क्षेत्र के सर्वेमऊ निवासी स्वतंत्रता सेनानी गंगा प्रसाद तिवारी 100 साल से अधिक के हो चुके हैं। वे बोल नहीं पाते हैं, उनकी देखरेख कर रहे भतीजे अरुण कुमार तिवारी बताते हैं कि वो इस समय की स्थिति को लेकर दुखी रहते हैं। वे कहते हैं कि हमने आजादी की लड़ाई एक साफ सुथरी छवि वाले भारत के लिए की थी, लेकिन आज राजनीति उसके विपरीत है। आज देश में भ्रष्टाचार व्याप्त है। कोई भी कार्य बिना घूस के नहीं होता है। यहां तक कि कभी कोई अधिकारी हमारी सुध ही नहीं लेने आता, हमारे दरवाजे तक कोई सड़क नहीं है तो कैसे कह दें कि देश में सब सही हो रहा है। जब हम जैसे लोगों के साथ अधिकारी और नेता का रवैया नकारात्मक है तो आम जनता के प्रति कैसा होगा।