जौनपुर। केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर योजना के तहत मार्च माह में ऑनलाइन पंजीयन में जौनपुर प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। जबकि बिजनौर पहले और अलीगढ़ दूसरे स्थान पर है। पंजीयन कराने की जिम्मेदारी डाक विभाग को दी गई थी। जौनपुर में 13 हजार 869 पंजीयन हुआ है। इस योजना के तहत घरों की छतों पर सौर पैनल स्थापित करने के लिए सब्सिडी प्रदान की जाएगी।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लक्ष्य घरों में रुफ टॉप सोलर पैनल लगाकर उनके बिजली बिल पर होने वाले खर्चे को कम या बिल्कुल जीरो कर देना है। यह योजना 15 फरवरी, 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू की थी। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए डाक विभाग को जिम्मेदारी दी गई थी। इसके तहत डाक विभाग ने मार्च में पंजीयन कराया। एक प्रधान डाकघर, 54 उप डाकघर व 368 शाखा डाकघर में ऑनलाइन पंजीयन 31 मार्च तक हुआ। अधिसूचना लगने के बाद पंजीयन बंद कर दिया गया। इस योजना का लाभ अगले बजट में दिया जाएगा। फिलहाल यह सोलर पैनल नेडा विभाग से लगवाया जाएगा या किसी प्राइवेट कंपनी को इसकी जिम्मेदारी दी जाएगी। इसकी स्थिति पूरी तरह से साफ नहीं हो सकी।
यूपी में सबसे अधिक पंजीयन वाले पांच जिले
बिजनौर में 20 हजार 852, अलीगढ़ में 14 हजार 571, जौनपुर में 13 हजार 869, बस्ती में 13 हजार 817, सहारनपुर 13 हजार 418, आजमगढ़ 13 हजार 325, बस्ती में 12 हजार 551 पंजीयन हुआ।
पीएम सूर्य घर योजना के तहत डाक विभाग से रजिस्ट्रेशन कराया गया। इसके अलावा स्वयं से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया। इसमें जिले के पंजीयन की स्थिति काफी अच्छी रही। -परमानंद कुमार, अधीक्षक, मुख्य डाकघर।