डोभी। क्षेत्र के जमुनीबारी के बगल में स्थित पुरवे में एक माह से बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली आपूर्ति में की जा रही लापरवाही के खिलाफ आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को विद्युत सब स्टेशन वगेरवां पर प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पांच बार से खराब ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है जिससे महीनेभर में एक घंटे भी लाइन नहीं मिली। गांव के लोगों का कहना है कि बगेरवा गांव स्थित विद्युत सब स्टेशन के बगल गांव जमुनीबारी बस्ती में एक माह से बिजली आपूर्ति बाधित है। कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगने के कारण बार-बार जल जा रहा है। ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाए जाने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। महीने भर में पांच बार ट्रांसफार्मर लगाया गया। लेकिन लगते ही जल जा रहा है। गुरुवार को भी ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा था। ग्रामीणों ने जब लाइनमैन से दिखवाया तो उसमें में तेल का रिसाव हो रहा था। फिर क्या था ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और विद्युत सब स्टेशन पर पचास की संख्या में पहुंच कर हंगामा खड़ा कर दिया। विभाग की खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों को समझाकर वहां से हटाया। इस दौरान जेई मौजूद नहीं थे। गांव के लोग जेई से टेलीफोन पर वार्ता करने का प्रयास किए लेकिन फोन नहीं उठा।