महराजगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के अमारी गांव की नहर पुलिया के पास बुधवार की देर शाम को बाइक सवार बदमाशों ने एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को असलहे के बल पर आतंकित कर 25 हजार रुपये लूट लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन बदमाशों का पता नहीं लग सका। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के दुगहरा गांव निवासी आशीष माली भारत माइक्रो फाइनेंस इंक्लूजर लिमिटेड कंपनी में कलेक्शन का काम करते हैं। बुधवार की देर शाम करीब साढ़े आठ बजे वह बरियारेपुर गांव में महिला स्वयं सहायता समूह से रुपये लेकर असरोपुर गांव गए। यहां भी महिला समूह से कलेक्शन के बाद वह रुपये बैग में रखकर लौट रहे थे। वह बधवा महराजगंज मार्ग पर अमारी गांव में नहर पुलिया के पास पहुंचे थे तभी पीछे से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने बाइक ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। पीछे बैठे बदमाश ने असलहे की मुठिया से कर्मचारी के सिर पर वार कर दिया और रुपयों से भर बैग छीन लिया। बैग छीनने के बाद बदमाश बाइक से लोहिंदा चौराहे की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना 100 नंबर और थाने पर दी। सूचना पर पुलिस ने पीड़ित को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया जहां उसका इलाज कराया गया। थानाध्यक्ष अरुण मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है । शीघ्र ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।