क्षतिग्रस्त की गई सीमेंट की बेंच।
- फोटो : अमर उजाला।
जौनपुर जिले के कन्हौली गांव की अनुसूचित जाति बस्ती में लगी डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा को बृहस्पतिवार की रात शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। उसके गिर्द लगी सीमेंट की बेंच को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होते ही गांव वाले उग्र हो गए। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
कन्हौली गांव में अनुसूचित जाति की बस्ती के समीप डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगी है। आसपास सीमेंट की बेंच लगाकर ग्रामीणों ने उसे पार्क का रूप दिया है। शुक्रवार की सुबह ग्रामीण उस तरफ गए तो प्रतिमा टूटी हुई थी। शरारती तत्वों ने उसको खंड-खंड कर दिया था। आसपास की बेंचों को भी तोड़ दिया था। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीण अधिकारियों को मौके पर बुलाने, नई प्रतिमा लगवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। बसपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गौतम भी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच गए। कोतवाल विनोद सिंह ने प्रतिमा की मरम्मत कराने और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।