सरहद की सुरक्षा में शहीद हुए जौनपुर जिले के भकुरा के लाल शहीद राजेश सिंह के नाम पर यूपी सरकार ने सिद्दीकपुर-जमुहाई मार्ग के नामकरण का एलान किया है। राजेश सिंह वर्ष 2016 में हुए उड़ी हमले में शहीद हुए थे। लंबे समय से परिजन शहीद के सम्मान में सड़क के नामकरण की मांग कर रहे थे। सरकार के फैसले की सूचना मिलते ही परिवार समेत गांव के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
पिता राजेंद्र सिंह ने इस पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि सरकार ने एक शहीद का सम्मान किया है। देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सपूतों की शहादत को अमर बनाने के लिए ऐसे ही प्रयासों की जरुरत है। उन्होंने सिद्दीकपुर-जमुहाई मार्ग पर अधूरे शहीद गेट को भी शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।