सिकरारा। जौनपुर-रायबरेली राजमार्ग पर फतेहगंज बाजार में शुक्रवार को दोपहर बाद एक खाली जनरथ व यात्री बस में आमने सामने की टक्कर हो गई। इसमें चालक सहित आठ लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज कराने के बाद उन्हें दूसरी बस से गंतव्य के लिए भेजा गया।इस दौरान लगभग दो किमी तक जाम लगा रहा। कौशाम्बी डिपो की खाली जनरथ बस लेकर चालक मुख्तियार सिंह और परिचालक सागर स्नानार्थियों को लाने गोरखपुर से प्रयागराज जा रहे थे। उधर सामने से सामान्य श्रेणी की सिकंदराबाद डिपो बस का चालक जगदीश कुमार 55 स्नानार्थियों को लेकर गोरखपुर जा रहा था। बाजार में आमने सामने दोनों की टक्कर हो गई। तेज आवाज सुनकर बाजार के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकारा। हनुमान मंदिर परिसर में स्थानीय चिकित्सकों ने उनका इलाज किया। थानाध्यक्ष बक्शा प्रदीप कुमार सिंह भी मौके पर पहुँच कर रेस्क्यू में जुट गए। घायलों में बस चालक जगदीश कुमार(45) को पैर व घुटने में हल्की चोट आई है। जबकि स्नानार्थियों में उमरावती (40) पत्नी राज किशोर, नैना (45) पत्नी राजेश पटेल, बृंदा (36) पत्नी बब्बन यादव व उर्मिला (43) पत्नी मुसाफिर सभी पश्चिमी चंपारण बिहार तथा कुशीनगर निवासी रिंकी ( 37) पत्नी विकास व यहीं के निवासी सूदान्ती (45) पत्नी सुदामा तथा बरहज देवरिया निवासी गोविंद यादव (48) घायल हो गए। इस बीच बाजार वासियों ने सभी यात्रियों को बिस्किट, नमकीन व बोतल बंद पानी मुहैया कराया। थानाध्यक्ष ने प्रयाग राज से आ रही दो बसों में सभी यात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना किया।