जौनपुर। शहर में सीवर लाइन बिछाने में मनमानी और बार-बार हिदायत के बावजूद सड़कों की मरम्मत में देरी पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई है। जलनिगम के एक्सईएन का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित करने का निर्देश दिया है। उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है कि उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और काम करा रही कंपनी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराते हुए ब्लैक लिस्टेड करने के लिए शासन को पत्र लिखा जाए।
अमृत योजना के तहत शहर में सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। जलनिगम को कार्यदाई संस्था बनाया गया है, जो दूसरी फर्म को ठेका देकर काम करा रही है। सीवर लाइन बिछाने के लिए शहर के कई इलाकों में सड़क खोद दी गई है, लेकिन महीनों बाद भी न तो उसकी मरम्मत कराई जा रही है और न ही पानी का छिड़काव हो रहा है। इससे धूल-मिट्टी के गुबार से शहरवासी दुर्दशा झेल रहे हैं। डीएम ने इसके लिए कई बार जलनिगम के एक्सईएन को निर्देशित किया। सख्त निर्देश दिए, बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। लिहाजा अब डीएम मनीष कुमार वर्मा ने एक्सईएन संजय कुमार गुप्ता पर घोर लापरवाही व निर्देशों की अवहेलना के आरोप में अग्रिम आदेश तक के लिए वेतन बाधित करने की संस्तुति की है। डीपीआर के अनुसार मानक के अनुरुप गुणवत्तापूर्ण ढंग से सड़कों की मरम्मत कराने को कहा है। उनसे स्पष्टीकरण भी तलब किया है।