धर्मापुर। ब्लॉक क्षेत्र के गद्दोपुर गांव में रविवार को जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।इसमें क्षेत्र के कई पहलवानों ने हिस्सा लिया। धर्मापुर के जयवीर पहलवान ने भूनडीह के मगन को महज डेढ़ मिनट में ही चित्त कर दिया।प्रतियोगिता का शुभारंभ जफराबाद के विधायक जगदीश नारायण राय ने दो पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया। उन्होंने कहा कि कुश्ती के क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं। क्षेत्र के युवाओं से इस खेल में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए उन्होंने कहा। प्रतियोगिता में गद्दोपुर के मनीष ने नई बाजार के लकी को, परसौली के सचिन ने गद्दोपुर के नीलेश को, बहरीपुर के करन ने नई बाजार के सूरज को पटखनी दी। इसी तरह गद्दोपुर के विश्वाश ने धर्मापुर के शुभम को, एकौनी के विकास ने बहरीपुर के लकी हराया। इस कुश्ती प्रतियोगिता में कुल 11 जोड़ियों ने प्रतिभाग किया।
विजेता व उप विजेता पहलवानों को मुख्य अतिथि विधायक जगदीश नारायण राय व कुश्ती आयोजक व प्रधान प्रतिनिधि राम साहब यादव ने शील्ड व नगद इनाम राशि देकर पुरस्कृत किया। कुश्ती प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले पहलवानों का उत्साह वर्धन करते हुए विधायक जगदीश नारायण राय ने कहा कि मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। भारतीय पहलवानों ने सदैव विश्व में भारत का सिर गर्व से ऊंचा किया है। पहलवानी में भी आज के युवा अपना भविष्य आजमा सकते हैं। रेफरी की भूमिका में सुभाष यादव, डॉ. सुदर्शन, तेजू यादव व जय सिंह यादव रहे। इस मौके पर कमला प्रसाद यादव, राम साहब यादव, सुदर्शन यादव, प्रधान अनिल यादव फौजी, हवलदार यादव, राकेश यादव आदि मौजूद थे।