बदलापुर कस्बे में पेपर लीक को लेकर जुलूस निकालते जागरूक नागरिक मंच के लोग। स्रोत-संवाद
बदलापुर। जागरूक नागरिक मंच के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कस्बे के रामजानकी तिराहे से जुलूस निकाला। शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, पेपरलीक में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को मुआवजा और लाठीचार्ज करने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पत्रक एसडीएम विवेक सिंह को सौंपा।
लोगों को संबोधित करते हुए युवा नेता प्रमोद कुमार शुक्ल ने कहा इस लोकतांत्रिक देश के भीतर जनता अपनी किसी भी मांग को लेकर आंदोलन कर सकती है जो हमारा संवैधानिक अधिकार है। परंतु जिस तरीके से हमारी सरकार ब्रिटिश हुकूमत की तरह अपने लोगों के साथ बर्ताव कर रही है वह घोर निंदनीय है। सरकार को चाहिए कि हमारी तीनों मांगों को स्वीकार करें ताकि लोकतंत्र को बचाया जा सके। इस कार्यक्रम में जय कुमार मौर्य, सुजीत मौर्य, विशाल मौर्य, दिलीप कुमार खरवार, आजाद गुप्ता, मुकेश निषाद एडवोकेट सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।