करंजाकला। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की ऑनलाइन सीबीटी मोड की परीक्षा 28 जुलाई से शुरू होने जा रही है। यह परीक्षा प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है। परीक्षा में जनपद के लगभग 20 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इनमें 122 निजी आईटीआई और तीन राजकीय आईटीआई के परीक्षार्थी सम्मिलित हैं।राजकीय आईटीआई के प्राचार्य मनीष कुमार पाल ने बताया कि परीक्षा को सफलतापूर्वक एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और आईटीआई प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जिले में परीक्षा आयोजन के लिए दो केंद्र बनाए गए हैं। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिद्धिकपुर तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, शाहगंज। इन दोनों केंद्रों पर परीक्षा सीबीटी (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) मोड में तीन पालियों में संपन्न कराई जाएगी।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से 11 बजे तक, द्वितीय पाली की परीक्षा 12:15 से 2:15 बजे तक और तृतीय पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र ऑनलाइन माध्यम से जारी कर दिए गए हैं और समय से अपने-अपने केंद्र पर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी व्यवस्थाएं जांची जा चुकी हैं और सभी स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है, जिससे नकल या किसी भी तरह की गड़बड़ी की कोई संभावना न रहे।छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रों पर हेल्प डेस्क भी बनी है। संवाद