सुजानगंज। क्षेत्र स्थित सामुदायिक हॉल में शनिवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। विश्व हिंदू परिषद के सह प्रांत प्रमुख विश्वंभर नाथ दुबे ने बताया कि आज सनातन संस्कृति और संस्कार को समाप्त करने के लिए विरोधी शक्तियां लगी हुईं हैं। ऐसे में सभी सनातनियों का कर्तव्य है कि सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए संगठित हों। उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवार के लिए हम सभी को एक साथ बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए। एक टाइम का भोजन हम सभी साथ मिलकर करें। अपनी अगली पीढ़ी को सनातन धर्म के बारे में बचपन से ही जानकारी दें। धर्मनगर भीलमपुर के महंत शिवानंद महराज ने कहा कि सनातन संस्कृति ही ऐसी संस्कृति है जो वसुधैव कुटुंबकम की भावना रखती है। दूसरे मजहब तो किसी व्यक्ति विशेष द्वारा संचालित किए गए हैं। ऐसे में हम सभी सनातनियों का कर्तव्य है कि सनातन धर्म के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी निष्ठा के साथ संगठित होकर कार्य करें। इस मौके पर अनीता, बद्री प्रसाद गौतम, राम प्रकाश, दिनेश कुमार मिश्रा, शीतला प्रसाद, सौरभ, संतोष आदि रहे।