जौनपुर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सड़कों की बदहाली का मुद्दा छाया रहा। जौनपुर सदर और मछलीशहर सांसद ने सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। मछलीशहर सांसद ने साफ कहा कि वह लगातार अपने क्षेत्र में है। जहां जा रहे हैं, वहां की सड़क खराब है। मरम्मत के नाम पर कुछ नहीं हुआ। तमाम सड़कों को मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। जो सड़कें बनी भी, उनकी गुणवत्ता ठीक नहीं। पीडब्लूडी और आरईडी को सड़कों की गुणवत्ता सुधारने और जनप्रतिनिधियों से भी उसकी निगरानी करने को कहा गया।
कलेक्ट्रेट प्रेक्षा गृृह में सदर सांसद श्याम सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में केंद्र सरकार से संचालित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मनरेगा, एनआरएलएम, एनएचएम, मिड-डे-मील, फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर संबंधित अफसरों से जवाब तलब किया। छुट्टा पशुओं की बढ़ती समस्या पर सांसद श्याम सिंह यादव ने कहा कि सभी प्रधान अपने गांव के पशुओं पर टैग लगवा दें, जिससे उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके। रजिस्टर पर उनका ब्योरा भी अपडेट करते रहें, ताकि कोई भी बाहरी व्यक्ति अपने पशु को दूसरे गांव में न छोड़ सके। गांवों में पशु आश्रय स्थल निर्माण कर छुट्टा पशुओं को रखने की व्यवस्था करने को कहा। फसल बीमा योजना के प्रति किसानों को जागरुक कर उससे जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि आपदा से क्षति होने पर भरपाई की जा सके। पहली बैठक में ही दोनों सांसदों ने अफसरों को साफ कहा कि आंकड़ों की बाजीगरी में न उलझाएं। आंकड़ों में सब दुरुस्त कर लेने से समस्याएं खत्म नहीं होगी। जमीनी हकीकत से वह वाकिफ हैं, लिहाजा क्षेत्र में जाकर समस्याओं के स्थाई समाधान का प्रयास करें। वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लिए गांवों में शिविर लगवाने का निर्देश दिया। बैठक में एमएलसी बृजेश कुमार सिंह प्रिंसू, सीडीओ गौरव वर्मा, डीआरडीए के पीडी अरविंद सिंह, डीडीओ दयाराम आदि मौजूद रहे।
विधायकों के प्रतिनिधि हुए शामिल
दिशा की बैठक में जिले का कोई भी विधायक मौजूद नहीं है। उनके प्रतिनिधियों ने ही बैठक में हिस्सा लिया। ब्लाक प्रमुख की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रहा। बैठक में राज्यमंत्री गिरीश यादव के प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह, केराकत विधायक के प्रतिनिधि आरडी चौधरी, मड़ियाहूं विधायक के प्रतिनिधि श्यामदत्त दुबे आदि मौजूद रहे।
एक गाड़ी में आए दोनों सांसद
दिशा की बैठक में शामिल होने दोनों सांसदों का एक ही वाहन से पहुंचना लोगों की जुबां पर रहा। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति के अध्यक्ष व सदर सांसद श्याम सिंह यादव बसपा के सिंबल पर निर्वाचित हुए थे। वहीं मछलीशहर के सांसद बीपी सरोज भाजपा से हैं। दोनों सांसदों को एक साथ देख राजनीतिक हलके में चर्चाएं जोरों पर रही।