जफराबाद। स्थानीय थाने के सामने मंगलवार की रात डीसीएम ट्रक व बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार सिंचाई विभाग के बाबू की मौत हो गई जबकि कंप्यूटर ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आनंद कुमार (51) जौनपुर मुख्यालय में सिंचाई विभाग में बाबू के पद पर तैनात हैं। वे क्षेत्र के जगदीशपुर में मकान बनाकर रहते है। उनका पैतृक घर जलालपुर के हरिपुर गांव में है। आनंद कुमार मंगलवार की रात को जफराबाद थाने के सामने स्थित एक मैरेज लॉन में अपने परिचित के शादी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से खाना खाकर बाइक से अपने ऑफिस में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर रंजीत साहनी निवासी मियांपुर थाना लाइनबाजार के साथ घर लौट रहे थे। दोनों बाइक से जैसे ही जौनपुर वाराणसी मुख्य मार्ग पर पहुंचे। इस दौरान जौनपुर से वाराणसी की तरफ जा रही अनियंत्रित डीसीएम ट्रक बाइक की अपने चपेट में ले ली। इसमें आनंद कुमार की मौके पर मौत हो गई जबकि रंजीत साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीरर देख कर चिकित्सक ने ट्राॅमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया। आनंदकुमार का शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आनंद के दो पुत्र तथा एक पुत्री है। परिवार में घटना से कोहराम मच गया। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को भी कब्जे में लिया गया आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ट्रेलर के धक्के से बाइक सवार दो युवक घायल-सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गांव गोविंददासपुर स्थित बाबा की ढाबा के पास मंगलवार को देर रात ट्रेल के धक्के से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार कराने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुंगराकस्बे के मोहल्ला कटरा निवासी रोहित गुप्ता (25) व पाल का पुरा निवासी नगेन्द्र मौर्या (26) किसी काम से सतहरिया गए थे। लौटते समय वे बाबा की ढाबा के पास पहुंचे तभी तेज रफ्तार आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक में धक्का मार दिया। इससे दोनों सड़क पर गिर गए। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया में पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने रोहित की हालात नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मोटरसाइकिल की टक्कर घायल, हालत गंभीर-मल्हनी। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोठवार गांव में बुधवार सुबह करीब 11 बजे बाइक की टक्कर से एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस के अनुसार छबीलेपुर गांव के निवासी राम अवध यादव (50) हैंड पंप मरम्मत का कार्य करते हैं। रोज की तरह बुधवार को सुबह 11 बजे वह साइकिल से सिद्दीकपुर जा रहे थे। वे कोठवार बाजार के पास पहुंचे तभी सिद्दीकपुर के तरफ से तेज गति से आ रही एक बाइक से टकराकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल घायल हो गए। लोग उन्हें एक निजी चिकित्सक के पास ले गए वहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उधर ग्रामीणों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी। थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।