चंदवक। पतरहीं चौकी पुलिस ने शनिवार को एक अंतरराज्यीय अपराधी प्रमोद खरवार को घेराबंदी कर घुटठा रेलवे अंडरपास के पास गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 16 जून को बिहार जेल से तीन साल की सजा काटकर बाहर आया था। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है।
थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि चंदवक पुलिस टीम शनिवार की रात अपराधियों को लेकर गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बीरीबारी निवासी प्रमोद खरवार अटहरपार की ओर से पतरहीं की तरफ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घुटठा रेलवे अंडरपास के पास घेराबंदी कर लिया। आरोपी मौके पर पहुंचा, वह पुलिस को देखकर वह भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे खेतों की ओर से दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। प्रमोद खरवार के खिलाफ जौनपुर के चंदवक, जफराबाद, गाजीपुर के सैदपुर, सुहवल (उत्तर प्रदेश) व बक्सर (बिहार) के विभिन्न थानों में 9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चालान भेज दिया है।