धर्मापुर। बीईओ धर्मापुर रमेश चंद्र पटेल ने बृहस्पतिवार को शिक्षा सप्ताह के कल्चरल डे के दिन ब्लॉक क्षेत्र के आठ परिषदीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में पूर्व माध्यमिक विद्यालय करमही की अनुदेशक बिना अवकाश लिए अनुपस्थित मिलीं, जिस पर एक दिन का मानदेय काटने का आदेश दिया।
बीईओ प्राथमिक विद्यालय किरतापुर निरीक्षण पहुंचे। जहां पर प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक एवं शिक्षामित्र मौजूद मिले। छात्रों की उपस्थिति और बढ़ाने के लिए निर्देश दिया। वहीं पूर्व माध्यमिक विद्यालय करमही पर पहुंचे तो वहां प्रभारी प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक तो मौजूद रहे लेकिन अनुदेशक मंजू देवी बिना अवकाश लिए गैरमौजूद मिलीं, जिस पर बीईओ रमेश चंद्र पटेल ने नाराजगी जताते हुए उनका एक दिन का मानदेय काटने का आदेश दिया। उसके बाद कंपोजिट स्कूल कादीपुर पहुंचे तो वहां पर सभी कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति बेहतर पाई गई। कक्षा 7 एवं कक्षा 3 में जाकर जब छात्राओं से गणित विषय एवं विज्ञान के प्रश्न पूछे तो बच्चों ने हल कर दिया और प्रश्नों के उत्तर सही दिए। जिस पर उन्होंने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक चंद्रेश पांडेय एवं सहायक अध्यापकों का उत्साह वर्धन करते हुए तारीफ की। वहीं, पूर्व माध्यमिक विद्यालय किरतापुर, चौकियां होला एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय किरतापुर में सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए।