जौनपुर। डीएम डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से रविवार को मेगा डिजिटाइजेशन दिवस मनाया गया। बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल ने विद्यालयों का निरीक्षण किया। बीएलओ के समय से नहीं पहुँचने पर बीएसए ने फोन के माध्यम से जानकारी ली। नाराज़गी व्यक्त की और आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल ने बीआरसी बक्शा सहित कई परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय गोपालापुर बक्शा में सभी शिक्षक उपस्थित मिले। लेकिन बीएलओ समय पर नहीं पहुँचे। बीएसए ने फोन के माध्यम से जानकारी लेकर कड़ी नाराज़गी जताई। आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों को रविवार को खोलकर बीएलओ को पूर्ण सहयोग देने एवं निर्वाचन संबंधित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया था। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के कार्य में लगे बीएलओ को प्रतिदिन न्यूनतम 100 आवेदन प्रपत्रों की ऑनलाइन फीडिंग अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया गया है। प्राथमिक विद्यालय घनश्यामपुर बदलापुर में सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। बेहतरीन कार्य के लिए स्टाफ की सराहना की गई और उन्हें सम्मानित भी किया गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन नामावली गणना प्रपत्र अत्यंत संवेदनशील एवं राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। यह केवल प्रशासनिक दायित्व ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।