बक्शा। जिला सेवा योजना अधिकारी एवं बक्शा के प्रभारी खंड विकास अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने सोमवार को ब्लॉक सभागार में रोजगार सेवकों, बीसी सखी, पंचायत सहायकों एवं महिला मेठों की संयुक्त बैठक में शासन की योजनाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी को आपसी समन्वय स्थापित करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि गांवों में महिला समूह को स्वावलंबी बनाना, खेलकूद मैदान में युवाओं को तैयारी करना तथा आगे आने वाले समय में प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए लाइब्रेरी सुविधाओं को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक के तहत गांवों में 17 हजार पौधरोपण करने का लक्ष्य के साथ 11 से 17 अगस्त तक घर-घर तिरंगा फहराने और तालाबों को सुंदर बनाने की जिम्मेवारी है। एपीओ अंकित सिंह ने पंचायत सहायकों को पात्रों का आयुष्मान कार्ड बनाने का निर्देश दिया। बैठक में अनुपस्थित कटहरी, हसरौली, हैदरपुर, मसनपुर, लखनीपुर, विरसादपुर गांव के रोजगार सेवकों का मानदेय रोकने का निर्देश दिया। बैठक में एपीओ अंकित सिंह, जेई अतुल सिंह, जेई अजय श्रीवास्तव, जेई पुष्पेंद्र यादव मौजूद रहे।