बदलापुर । क्षेत्र के न्याय पंचायत घनश्यामपुर में बृहस्पतिवार को आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि शिविर का एसडीएम ऋषभ पुंडीर ने निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से योजना का लाभ लेने से वंचित किसानों का आवेदन पत्र ऑनलाइन करने में तेजी लाने का निर्देश दिया। शिविर में एसडीएम ने पाया कि ग्राम सराय गुंजा के 8 किसानों का खाता खोला गया, 4 की केवाईसी पूर्ण की गई एवं 12 लाभार्थियों के भू-अंकन के लिए दस्तावेज प्राप्त किया गया। शिविर में कृषि विभाग के सहयोग के लिए पोस्ट ऑफिस के ऑपरेटर ,लेखपाल को लगाया गया है। शिविर का कार्यक्रम घनश्यामपुर, सरायगुंजा, नाभीपुर तथा दुधौड़ा में आयोजित किया गया। सहायक विकास अधिकारी कृषि आशीष मौर्या ने कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि दिलाने के लिए शिविर का कार्यक्रम अनवरत चलता रहेगा। जिन किसानों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है वह तत्काल अपने ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में रजिस्ट्रेशन कराना सुनिश्चित करें।