जौनपुर। शिक्षकों के भारी विरोध के बाद भी बुनियादी शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था लागू किए जाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेंद्र सिंह की माने तो शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी की यह व्यवस्था हर हाल में लागू की जाएगी। शिक्षक दिवस पर पांच सितंबर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका शुभारंभ करेंगे।
बीएसए का कहना है कि जो लोग स्कूल नहीं जाते वही लोग नई व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं। बाकी शिक्षकों को कोई दिक्क्त नहीं हौ। उनका कहना है कि शिक्षक दिवस पर इस व्यवस्था का शुभारंभ होगा और आने वाले समय में धीरे धीरे सभी विद्यालयों में प्रेरणा ऐप के माध्यम से शिक्षकों की हाजिरी ली जाएगी। जिले में 2416 प्राथमिक विद्यालय और 878 जूनियर हाईस्कूल हैं। इन विद्यालयों में 10 हजार से अधिक शिक्षक तैनात हैं। ऑनलाइन हाजिरी के लिए शुरू होने वाले प्रेरणा ऐप से शिक्षामित्र, अनुदेशक और बहुत सारे शिक्षकों को कोई दिक्कत नहीं है। नियमित रूप से ड्यूटी करने वाले शिक्षक चाहते हैं कि जल्दी यह व्यवस्था लागू हो जाती तो कम से कम जो लोग विद्यालय नहीं आते वे भी नियमित रूप से विद्यालय आने लगते। अभीतक 1100 से अधिक शिक्षकों ने अपने मोबाइल फोन पर प्रेरणा ऐप को डाउनलोड कर लिया है।
क्या है प्रेरणा ऐप
प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षा को पटरी पर लाने और लापरवाह शिक्षकों पर नकेल कसने की तैयारी की है। प्रत्येक शिक्षक को अपने स्मार्ट फोन में प्रेरणा ऐप को डाउनलोड करना होगा। इसके बाद स्कूल में जाते ही मोबाइल से फोटो खींचकर इसे ऐप पर अपलोड किया जाएगा। उसके बाद छात्रों की उपस्थित भी अपलोड होगी। मिड-डे-मील दिए जाने की भी प्रक्रिया को ऐप पर अपलोड किया जाएगा। स्कूल से जाने तक की भी फोटो डालनी होगी। ये सब दफ्तरों में बैठे अधिकारी ऐप को खोलकर शिक्षकों की जांच कर सकेंगे। जिला स्तर से लेकर लखनऊ तक के अफसर इस पर नजर रखेंगे। एप के माध्यम से बेसिक शिक्षा से जुड़ी सभी योजनाओं की जानकारियां भी इससे प्राप्त की जा सकेगी। खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से शिक्षकों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
डॉ. राजेंद्र सिंह, बीएसए का कहना है कि नियमित रूप से ड्यूटी करने वाले 80 फीसदी से अधिक शिक्षकों को इस नई व्यवस्था से कोई परहेज नहीं है। बल्कि उनमें प्रेरणा ऐप को लेकर उत्साह है। अभी तक 1100 शिक्षकंो ने अपने मोबाइल फोन में प्रेरणा ऐप को डाउनलोड कर लिया है। जो लोग विरोध कर रहे हैं वे भी आने वाले समय में शांत हो जाएंगे।