शाहगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते डीआरएम।
डीआरएम लखनऊ सतीश कुमार मंगलवार को शाहगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे। स्टेशन पर गंदगी और प्लेटफार्म पर गड्ढे में गंदा पानी भरा मिलने पर नाराजगी जताई। सफाई नहीं कराने पर अधीक्षक को फटकार लगाई। 24 घंटे के भीतर व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
डीआरएम के निरीक्षण से विभागीय कर्मचारियों में अफरातफरी का माहौल रहा। डीआरएम ने सबसे पहले प्लेटफार्म का निरीक्षण किया। यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। स्टेशन पर गड्ढे में पानी भरा दिखाई दिया। जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई।
रेलवे की भूमि पर नगर पालिका परिषद द्वारा गिराए जा रहे कूड़े की जानकारी डीआरएम को दी। डीआरएम ने कहा कि जिलाधिकारी को पत्र भेजा जाएगा। वहीं रेलवे की बाउंड्री तोड़कर किए गए अतिक्रमण पर आरपीएफ व स्टेशन अधीक्षक को अतिक्रमणकर्ताओं की सूची बनाकर विभाग के अधिकारियों को भेजने का निर्देश दिया।
स्टेशन पर पहुंचने पर स्टेशन अधीक्षक आरपी राम, आरपीएफ प्रभारी एके सिंह, जीआरपी प्रभारी अतुल्य पाण्डेय आदि विभाग के अधिकारियों ने डीआरएम का स्वागत किया। बिना समय गंवाए डीआरएम ने यात्री सुविधाओं को देखने में लग गए। स्टेशन पर पेयजल की समस्या, सड़कों पर गड्ढे और सफाई व्यवस्था नदारत देखकर अधीक्षक आरपी राम को जमकर फटकार लगाई। कहा चौबीस घंटे के भीतर व्यवस्था में सुधार करके इसकी सूचना उपलब्ध कराएं।