उद्योग बंधु की बैठक में मौजूद अधिकारी और उद्यमी। सूचना विभाग
जौनपुर। सीडीओ नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट में उद्योग बंधु की बैठक हुई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने निर्देश दिए कि जिन बैंकों में आवेदन लंबित हैं और उनसे स्पष्टीकरण लिया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सीडा क्षेत्र में निर्माणाधीन पार्क की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अवशेष कार्य आगामी बैठक से पहले पूरा करा लिए जाएं।
सीडा के उद्यमियों की ओर से क्षेत्र में हाईमास्ट लाइट खराब होने की समस्या से अवगत कराए जाने पर संबंधित अधिकारियों को लाइटों की मरम्मत कराकर उन्हें शीघ्र क्रियाशील कराने के निर्देश दिए गए। सीडा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अगली बैठक से पहले सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए। बैठक में गोयंका होंडा, सिपाह के पास कूड़ा डंपिंग से संबंधित समस्या से अवगत कराया गया, इस पर सीडीओ ने अधिशासी अधिकारी को समस्या के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयारकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। त्रिलोचन महादेव मंदिर क्षेत्र में बिजली ट्रिपिंग एवं सड़क से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष पाठक, सहायक श्रम आयुक्त देवव्रत यादव, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी एवं उद्यमीगण उपस्थित रहे।