सिकरारा। फतेहगंज स्थित माउंट लिट्राजी स्कूल में शुक्रवार को पृथ्वी दिवस की पूर्व संध्या पर छात्र छात्राओं ने जागरूकता के लिए आयोजन किया। इसमें सभी छात्रों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। उनके द्वारा विद्यालय में पौधारोपण के साथ साथ सेव अर्थ थीम पर पोस्टर एवं स्लोगन लिखे गए। प्राथमिक कक्षाओं के लिए मॉडल एवं चार्ट मेकिंग प्रतियोगिता एवं उच्च कक्षाओं के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रधानाचार्य शिखा शर्मा ने पृथ्वी संरक्षण पर अपने विचार प्रस्तुत किया। कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन हमारे लिए घातक है। इससे मानव जीवन गंभीर समस्याओं की ओर बढ़ रहा है। विद्यालय के युवाओं एवं बच्चों को पृथ्वी संरक्षण के लिए उचित कदम उठाना चाहिए। उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग कम करने लिए समाज के हर वर्ग को आगे आने की सलाह देते हुए कहा कि यह हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि पृथ्वी का अस्तित्व बचाने के लिए आगे आएं। पृथ्वी के संसाधनों को संरक्षित करते हुए उनका सीमित उपयोग किया जाए। कोशिश यह होनी चाहिए कि पृथ्वी से जितना ले रहे हैं उसे उसी अनुपात में लौटाया जाए। विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. अरविंद कुमार ने बच्चों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करते हुए जागरूकता के लिए बनाए गए पोस्टर व स्लोगन के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।