जौनपुर। छठ पूजा को लेकर अब कुछ ही दिन शेष रह गए है, ऐसे में दीपावली के त्यौहार के बाद प्रशासनकि अमला छठ की तैयारियों में लग जाता है। इस बार छठ का पर्व 29 अक्तूबर से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा जो 31 को समाप्त होगा। प्रशासन की तैयारियों में गोमती का बढ़ा जलस्तर बाधा बनता दिख रहा है। अधिकतर घाटों पर पानी भरा हुआ है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां आते है, जिन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। छठ पूजा की तैयारियों को लेकर व्रती महिलाओं की तरफ से खरीदारी दीपावली बाद शुरू कर दी जाएगी। शहर में गोमती किनारें के प्रमुख घाटों विसर्जन घाट, गोपी घाट, हनुमान घाट, शिव गोपाल, अचला देवी, अली घाट आदि जगहों पर पूजा की जाती है। बावजूद अभी तक गोमती का जलस्तर 10 फीट से अधिक होने के कारण घाट पूरी तरह से पानी में डूबे हुए है। इस बार का छठ पर्व 29 अक्तूबर को शुरू होगा पहले दिन व्रती महिलाएं नहाय खाय से इसकी शुरुआत करेंगी। महिलाएं 30 अक्तूबर को डूबते सूर्य को तो 31 अक्तूबर को उगते सूरज को अर्घ्य देंगी। जिला प्रशासन की तरफ से घाटों पर सुरक्षा को लेकर बैरिकेडिंग, सफाई व प्रकाश आदि की व्यवस्था कराई जाती हैं।
इस बाबत नगर पालिका परिषद जौनपुर के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि एक-दो दिन में जलस्तर कमी आ जाएगी तो छठ पूजा की तैयारियों को तेज कर दिया जाएगा।