मो. हसन पीजी कालेज में खेलते खिलाड़ी। संवाद
जौनपुर। मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज के मैदान में आयोजित वार्षिक खेल महोत्सव शनिवार को उत्साह और उमंग के बीच संपन्न हुआ। महोत्सव में कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, 100 मीटर दौड़ सहित विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ। रस्साकशी के महिला वर्ग में एनसीसी की बालिकाएं विजेता रहीं। पुरुष वर्ग में एनएसएस के बालक विजेता रहे। कबड्डी में एनएसएस की बालिकाओं ने ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं पुरुष वर्ग में बीबीए के छात्रों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कबड्डी ट्रॉफी जीती। 100 मीटर दौड़ में पुरुष वर्ग में मोहम्मद सलमान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में श्रद्धा ने प्रथम स्थान हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी साधन है। सिंगापुर के उद्योगपति अयाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मोहम्मद नासिर खान, आरपी सिंह, डॉ. नीलेश सिंह, डॉ. विवेक विक्रम, डॉ अंकित श्रीवास्तव, डॉ आकांक्षा श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे। संचालन अहमद अब्बास खान ने किया।