सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव नगला कुड़री में नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस जांच में जुटी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस परिजन और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। शुक्रवार देर रात महिला की फंदा लगाने से मौत हुई थी। मायके पक्ष के लोगों के नहीं पहुंचने के कारण शनिवार को दूसरे दिन भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। गांव कुड़री निवासी नीतू (20) पत्नी सुरेंद्र सिंह की शुक्रवार देर रात फंदा लगाने से मौत हो गई। नीतू की शादी 12 मई 2026 को हुई थी। उसका मायका जनपद जौनपुर में है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। पुलिस ने महिला के पति समेत परिजन और आसपास के ग्रामीणों से घटना के संबंध में पूछताछ की। वहीं, मायके पक्ष को भी उसकी मौत के बारे में सूचना दी गई। मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की बात पुलिस ने कही है। पटियाली सीओ अमित कुमार ने बताया कि महिला की मौत के मामले में पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।