जौनपुर। शहर को सुंदर बनाने के लिए भले ही नई योजनाएं बनाई जा रही हों लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही यह है कि जो बन गया है, उसे भी सुरक्षित नहीं रखा जा रहा। शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों को संवारने का कार्य चल रहा है, लेकिन देखरेख के अभाव में संवारे जा चुके चौराहे क्षतिग्रस्त हो जा रहे हैं। इसका नजारा जेसीज चौराहे पर देखा जा सकता है।
सवा तीन लाख आबादी वाले शहर को सुंदर बनाने के लिए सड़कों की मरम्मत की गई है। वहीं, सड़कों पर डिवाइर बनाया गया है, जिस पर लाइटिंग आदि करने का कार्य किया जा रहा है। इतना ही नहीं, वाहन स्टैंड भी शहर में स्थापित करने की तैयारी चल रही है। वहीं, शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों को भी सुंदर बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए शहर के 15 प्रमुख चौराहों व तिराहों का चयन किया गया है, जिनको पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत सुंदरीकरण कराने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में दो माह पहले शहर के प्रमुख जेसीज चौराहे का सुंदरीकरण किया गया था। इस चौराहे को सुंदर बनाने के लिए करीब 20 फीट ऊंचे राजस्थान के पत्थर के खंभे पर हाथी पर शेर को बनाया गया है, जो दूर से ही दिखाई दे रहा है। इससे यह चौराहा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, लेकिन इस समय चौराहों के चारों तरफ लगा घेरा क्षतिग्रस्त हो गया है।
इन चौराहों का हो रहा सुंदरीकरण
जौनपुर। शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों में शुमार पंचहटिया चौराहा, सिपाह चौराहा, वाजिदपुर तिराहा, पालिटेक्निक चौराहा, मुरादगंज तिराहा, कलीचाबाद तिराहा, नक्खास तिराहा, नईगंज तिराहा, कोतवाली चौराहा, रोडवेज तिराहा, पीडब्ल्यूडी डाकबंगला तिराहा, कुत्तुपुर तिराहा, आंबेडकर तिराहा, गांधी तिराहा का सुंदरीकरण किया जा रहा है।
वर्जन
जेसीज चौराहे का सुंदरीकरण हो गया था लेकिन इस चौराहे के चारों तरफ बनाया गया घेरा किसी ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसे शीघ्र ही फिर से ठीक करा दिया जाएगा। शेष चयनित प्रमुख चौराहों और तिराहों के सुंदरीकरण का कार्य किया जा रहा है, जो शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। - संतोष कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद जौनपुर