सपा के पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वतंत्र देव सिंह हम लोगों को इतिहास पढ़ने के लिए कहते हैं। हम उनको बता देना चाहते हैं कि जिस दिन हम इतिहास पढ़ लेंगे उस दिन आप घर से बाहर निकलना बंद कर देंगे।
जौनपुर में सपा के पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने सोमवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला। कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही भारतीय जिन्ना पार्टी है। भाजपा के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी, वीर सावरकर ने मुस्लिम लीग से पश्चिम बंगाल में गठबंधन करके चुनाव लड़ा और कई मुस्लिम नेता तथा आरएसएस के लोग भी मंत्री हुए।
विज्ञापन
उन्होंने ये बातें डा. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर हीरापुर ग्राम पंचायत में स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि मेरे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इतना ही कह दिया कि महात्मा गांधी, पं. जवाहरलाल नेहरू, जिन्ना तथा सरदार वल्लभभाई पटेल एक साथ एक ही यूनिवर्सिटी में पढ़े थे तो इतना बड़ा हंगामा हो गया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर ने 85 प्रतिशत दलितों तथा पिछड़ों के दर्द को समझा और संविधान बना कर न्याय दिलाया। उसी संविधान को भाजपा के शासन में देश के सामने जलाया गया और जलाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वतंत्र देव सिंह हम लोगों को इतिहास पढ़ने के लिए कहते हैं। हम उनको बता देना चाहते हैं कि जिस दिन हम इतिहास पढ़ लेंगे उस दिन आप घर से बाहर निकलना बंद कर देंगे।