आजमगढ़ के अधिवक्ता सिंहासन यादव और प्रतापगढ़ के इंद्रमणि शुक्ल के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को वकीलों के विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किया। अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन की चेतावनी दी। आजमगढ़ में अधिवक्ता सिंहासन यादव और प्रतापगढ़ में अधिवक्ता इंद्रमणि शुक्ला की गुरुवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों अधिवक्ताओं की हत्या के विरोध में दीवानी
न्यायालय के अधिवक्ता पूरे दिन न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ के सभागार में सत्येंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में बैठक कर हत्या की निंदा करते हुए शोक व्यक्त किया। अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की
कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अधिवक्ताओं पर लगातार हमले और उनकी हत्या हो रही है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दिया कि अगर हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूरे प्रदेश के अधिवक्ता आंदोलन पर जाने को बाध्य
होंगे। बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और हो हल्ला किया। इस मौके पर मंत्री जयप्रकाश सिंह, दिनेश प्रताप सिंह, रमेश पाल, बृजनाथ पाठक, अवधेश सिंह, सत्यनारायण सिंह, हिमांशु श्रीवास्तव, रवींद्र विक्रम सिंह आदि रहे।