जौनपुर। प्री-प्राइमरी में पढ़ाई कर रहे बच्चे अब खेल-खेल में चित्र बनाएंगे और उसमें रंग भरना सीखेंगे। नोडल अधिकारी इसकी समीक्षा करेंगे और निपुण छात्रों का डिटेल पोर्टल पर अपडेट करेंगे। बच्चों में रचनात्मकता बढ़ाने के लिए अभियान चलेगा। बच्चों को ऑर्ट बनाने के साथ ही उसमें रंग भरने के लिए निपुण किया जाएगा। राज्य परियोजना निर्देश समग्र शिक्षा मोनिका रानी की ओर जारी पत्र में कहा गया है कि प्री-प्राइमरी के बच्चों में शुरू से ही रचनात्मकता का विकास किया जाए। नोडल शिक्षक संकुल विद्यालय परिसर के आंगनबाड़ी केंद्रों की सूचना प्रेरणा पोर्टल पर डीसीएफ के माध्यम से प्राप्त की जाएगी। बच्चों को प्राथमिक स्तर पर ही ऑर्ट बनाने के साथ उनमें रचनात्मकता के लिए प्रेरित किया जाएगा। डायट मेंटर के माध्यम से को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों व बालवाटिका में अकादमिक सहयोग प्रदान किया जाएगा साथ ही एप का सत्यापन होगा। परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना और शिक्षकों को शैक्षणिक सहयोग देने के लिए तैनात एकेडमिक रिसोर्स पर्सन और समग्र शिक्षा अभियान के तहत सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और शिक्षकों के कौशल को सुधारने के लिए तैनात स्टेट रिसोर्स पर्सन (एसआरजी) भी इस कार्य में सहयोग करेंगे। सभी गतिविधियां कैलेंडर के अनुसार शैक्षिक गतिविधियां कराई जाएगी। विद्यालयों में होने वाली गतिविधियों को नोडल शिक्षक संकुल मासिक समीक्षा बैठक में समीक्षा करेंगे। सभी विद्यालयों को पत्र जारी कर शासन के निर्देशों का पालन कराने को कहा गया है।