जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिकीय विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान तथा एशियन पॉलीमर एसोसिएशन नई दिल्ली के संयुक्त तत्वाधान में बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन हुआ। डीआडीओ कानपुर के निदेशक डॉ. मयंक द्विवेदी ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि मिसाइल तकनीकी में पॉलीमर नैनो कंपोजिट की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि फंक्शनल पदार्थ का उपयोग करके युद्ध क्षेत्र में सैनिकों की रक्षा के लिए बुलेट प्रूफ जैकेट का निर्माण किया जा रहा है। फंक्शनल पदार्थ और पॉलीमर से बने बुलेट प्रूफ जैकेट वजन में हल्के होने के कारण सैनिकों के लिए सुविधाजनक होते हैं। पूविवि के पूर्व कुलपति प्रो. राजाराम यादव ने कहा कि फंक्शनल पदार्थ पर शोध व पेटेंट कर हम विश्वविद्यालय को आर्थिक रूप से सशक्त बना सकते हैं। सम्मेलन के संरक्षक और आईआईटी दिल्ली के प्रोफेसर व एशियन पॉलीमर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. भुवनेश गुप्ता ने पॉलीमर की विभिन्न आयामों पर चर्चा की। छात्रों को पॉलीमर के क्षेत्र में शोध से जुड़ने हेतु प्रेरित किया।
अध्यक्षता कर रहीं कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि पॉलीमर नैनो कंपोजिट का प्रयोग रक्षा क्षेत्र, संपोषणीय पर्यावरण विकास, उर्जा क्षेत्र, उत्प्रेरक आदि में किया जा रहा है। फंक्शनल पदार्थ के क्षेत्र में यह सम्मेलन विज्ञान के क्षेत्र में विश्वविद्यालय को आगे ले जाएगा। डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. नितेश जायसवाल एवं डॉ. सुजीत चौरसिया द्वारा संपादित पुस्तक एडवांसमेंट इन फंक्शनल मैटेरियल का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। रज्जू भैया संस्थान के निदेशक व सम्मेलन के संयोजक डॉ. प्रमोद कुमार यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन आयोजन सचिव डॉ. नितेश जायसवाल ने किया।
इस अवसर पर कुलसचिव महेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी संजय कुमार राय, प्रो. वंदना राय, प्रो. अशोक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
-