बदलापुर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को मुख्य बाजार से दो लाख रुपये से अधिक का अवैध पटाखा बरामद किया। दुकानदार के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध पटाखा विक्रेताओं में खलबली मच गई।
प्रशिक्षु आईपीएस एवं सीओ आयुष श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र सुरक्षा के मद्देनजर फोर्स के साथ कस्बे में चक्रमण कर रहे थे। हनुमान मंदिर के समीप एक दुकान के सामने पटाखे की बिक्री होती देख पुलिस ने लाइसेंस मांगते हुए दुकानदार भरत लाल निगम से बीच बाजार में पटाखा बिक्री का कारण पूछा। दुकानदार लाइसेंस नहीं दिखा सका। पुलिस ने दुकान की तलाशी ली तो दुकान से करीब 10 बोरी अवैध पटाखा बरामद हुआ। पुलिस ने भरत लाल के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। सीओ आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि बिना लाइसेंस के भीड़ भरी बाजार में अवैध पटाखों का भंडारण कर बेचा जा रहा था। पटाखे को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दुकानदारों को निर्देशित किया कि लाइसेंस के साथ निर्धारित स्थल पर ही पटाखों की बिक्री करें। अन्यथा कारवाई की जाएगी।