जौनपुर। परिक्षेत्र वाराणसी के पुलिस महानिरीक्षक मोहित गुप्ता ने रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार साप्ताहिक परेड की सलामी ली। इसके बाद आईजी ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहने के लिए समस्त पुलिसकर्मियों से दौड़ लगवाई गई। अनुशासन व एकरूपता बनाए रखने के लिए मॉकड्रिल करवाया गया।
आईजी ने पुलिस लाइन परिसर, पुलिस मेस, पुलिस कैंटीन, पुलिस बैरक, पुलिस लाइन चिकित्सालय, यातायात कार्यालय, जीडी कार्यालय, कैश कार्यालय, गणना कार्यालय आदि का निरीक्षण कर सभी को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। मौके पर एसपी डा. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह, सीओ नगर देवेश सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अनुपम सिंह आदि मौजूद रहे। इसके पूर्व बृहस्पतिवार को भी पुलिस महानिरीक्षक मोहित गुप्ता ने जौनपुर का वार्षिक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन जौनपुर का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं व इकाइयों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस लाइन के गेट नं. 1 व 2, केंद्रीय पुलिस कैंटीन, क्वार्टर गॉर्ड आदेश कक्ष, अतिथि गृह व साक्ष्य कक्ष के जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण व टाइप प्रथम के आवासों में टाइल्स व ग्रेनाइट के कार्यों का लोकार्पण किया। समीक्षा बैठक में भूमि संबंधी विवाद में राजस्व अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके तत्काल मौके पर जाकर विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।