जफराबाद। थाना क्षेत्र के हौज शिवाला गॉव में सोमवार को एक बेटे ने अपने बाप को शराब के लिए पैसा नहीं देने पर मारपीट कर कुएं में डालने का प्रयास किया। पिता ने बेटे के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर न्याय गुहार लगाई है।
हौज शिवला गांव निवासी रामराज राजभर रेलवे में नौकरी करते थे।दस वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए हैं। उनका पुत्र सिकंदर राजभर कोई कामकाज नहीं करता है। सोमवार को शराब पीकर सिकंदर घर पहुंचा। उसने पिता से कहा कि उसको बैंक से पैसा निकाल कर दे। रामराज ने पैसा देने से मना किया तोसिकंदर ने उनको मारना-पीटना शुरू कर दिया। रामराज को उठा कर कुएं में फेंकने जा रहा था। पड़ोस के एक व्यक्ति उन्हें बचाया। सिकंदर चार बच्चों का पिता है। वह कोई काम नहीं करता है। थानाध्यक्ष जफराबाद मदनलाल ने कहा कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।