सुजानगंज। साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाले प्रेमी युगल को जब परिवार और समाज की बंदिशों के कारण एक-दूसरे का साथ नहीं मिल सका तो उन्होंने साथ मरने का रास्ता चुन लिया। जहर खाकर उनके जान देने के बाद से दोनों परिवारों के लोग सकते में हैं। दोनों के गांव में भी हर तरफ उनके प्रेम की चर्चाएं छाई हैं। घटना के दूसरे दिन भी किसी पक्ष ने थाने में कोई तहरीर नहीं दी है। सुजानगंज के सरायभोगी गांव निवासी युवक (22) का बगल के गांव निवासी स्वजातीय युवती (19) से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे के साथ ही जिंदगी बिताना चाहते थे। परिजनों के सामने भी उन्होंने अपनी इच्छा जाहिर की थी, लेकिन बड़े बेटे की शादी अभी न होने के कारण घर वाले अभी तैयार न थे। प्यार पर बंदिशें बढ़ती देख दोनों बुधवार को महराजगंज थाना क्षेत्र के बयहारी लोहिंदा गांव स्थित रिश्तेदारी में पहुंचे। यहां सड़क पर ही एक साथ जहर खा लिया। युवती की सुजानगंज सीएचसी में मौत हुई, जबकि युवक ने जिला अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ दिया। अब प्रेमी युगल की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताते हैं कि युवक मुंबई में रहता था। लॉक डाउन के कारण ही वह इस वक्त घर आया था। एसओ मनोज कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।