जौनपुर। एडीजी जोन वाराणसी पीयूष मोर्डिया ने शनिवार को जिले का निरीक्षण किया। उन्होंने जनपद में होने वाले पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण की तैयारियों की व्यवस्था देखी। उन्होंने ईद और नवरात्र सकुशल संपन्न कराने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ कोई शिकायत प्रमाण के साथ मिली तो उसे निलंबित किया जाएगा। एडीजी ने सबसे पहले पुलिस लाइन में गार्ड की सलामी ली फिर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में जिले के सभी पुलिस के अधिकारियों, थानाध्यक्षों व प्रभारियों के साथ बैठक की। उन्होंने महाकुंभ के दौरान जौनपुर पुलिस के काम की सराहन की। बताया कि शासन स्तर से भी जौनपुर पुलिस की सराहना हो रही है। इसके लिए कुछ पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने जिले में अपराध, जनसुनवाई, ट्रैफिक व्यवस्था, जनता के बीच पुलिस के व्यवहार पर चर्चा की। नवरात्र को लेकर शीतला चौकियां धाम में पार्किंग, ट्रैफिक, पिंक हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन, महिला पुलिस बल, पीआरवी के अलावा कंट्रोल रूम के दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साइबर अपराध की समीक्षा कर इसे कंट्रोल करने को कहा। उन्होंने कहा कि लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मी सतर्क हो जाएं, जिसकी भी शिकायत प्रमाण के साथ मिलेगा उसे तत्काल निलंबित किया जाएगा। इसके बाद पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण को लेकर जिले में चल रही तैयारियों को जायजा लिया। बैठक में कप्तान डॉ. कौस्तुभ, एएसपी ग्रामीण शैलेंद्र सिंह, एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव समेत सभी सीओ और सभी थानाप्रभारी व थानाध्यक्ष मौजूद रहे।