रामपुर। क्षेत्र के गोपालापुर गांव में महाराष्ट्र के भिवंडी से आए युवक से उसकी पत्नी ने क्वारंटीन का समय पूरा करने से पहले मिलने से इंकार कर दिया। इससे क्षुब्ध होकर युवक ने फंदे से झूलकर जान दे दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गोपालापुर गांव निवासी जयकुमार मौर्य उर्फ छोटेलाल (32) 12 मई को महाराष्ट्र के भिवंडी से गांव आया था। यहां स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे होम क्वारंटीन में रहने की हिदायत दी गई थी। वह घर के एक कमरे में रह रहा था। शुक्रवार की शाम उसने पत्नी को पास बुलाया लेकिन पत्नी ने क्वारंटीन का समय पूरा करने तक नहीं मिलने की बात कही। इससे क्षुब्ध होकर रात में वह घर के सामने स्थित जामुन के पेड़ पर साड़ी के फंदे पर झूल गया। शनिवार को भोर में परिवार के लोगों की नींद खुली तो पेड़ से जय कुमार का शव लटकता देख शोर मचाया। घटना से घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी अशोेक कुमार का कहना है कि जय कुमार 12 मई को भिवंडी से आया था और होम क्वारंटीन में था। वह शुक्रवार को ही पत्नी से मिलना चाहता था। पत्नी के इनकार करने पर फांसी लगा ली।