रायबरेली-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 231 के निर्माण के लिए मुंगराबादशाहपुर में प्रस्तावित बाईपास का विरोध तेज हो गया है।
बाईपास के विरोध में कांग्रेस नेता डा. बीएल वर्मा नेतृत्व में कई किसान रविवार को प्रस्तावित निर्माण्ा स्थ्ाल पर भूख हड़ताल पर बैठ गए।
अनशन पर बैठे लोगों का कहना है कि अगर बाईपास का निर्माण कराना है तो प्रभावित किसानों को जमीन की मौजूदा कीमत का चार गुना मुआवजा दिया जाना चाहिए।
इससे कम में वे जमीन नहीं देंगे। कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी भी अनशन स्थल पर पहुंची। उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे पार्टी के लोगों और किसानों का हौसला बढ़ाते हुए चेतावनी दी कि अगर सरकार ने मांग पूरी नहीं की तो सतहरिया प्रदेश का दूसरा भट्टा परसौल बन सकता है।
किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को ही बाइक जुलूस निकाल कर चेतावनी दी थी कि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वे बेमियादी भूख हड़ताल करेंगे।
वादे के मुताबिक कांग्रेस नेता डा. बीएल वर्मा के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान दोपहर दो बजे सतहरिया में आयोजित अनशन स्थल पर पहुंचे और क्रमिक अनशन पर बैठ गए।
कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी, सदर विधायक नदीम जावेद, जिलाध्यक्ष इंद्रभुवन सिंह, सत्यवीर सिंह आदि भी अनशन स्थल पर पहुंच कर आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ाया। रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि किसानों को चार गुना मुआवजा नहीं दिया गया तो यहां भट्टा परसौल जैसी स्थित बन जाएगी।
कांग्रेस के लोग तब तक शांत नहीं बैठेंगे जब तक उचित मुआवजा नहीं मिल जाता। नदीम जावेद ने कहा कि केंद्र सरकार विकास नहीं देश का विनाश कर रही है।
मुआवजा चार गुना नहीं दिया गया तो काम रोक दिया जाएगा। इस मौके पर आयुष्मान सिंह पटेल, राजेश मिश्रा, बबली जायसवाल, सीताराम पटेल, रामकिशुन, तिलकधारी, आमज राईन, अफजल अहमद, अनुपम सिंह, विनोद पांडेय, शिव प्रसाद, रामपूजन, हरिकेश, फूलचंद्र, छोटेलाल, राममूरत. बनवारीलाल, राजेश पटेल, अनिल कुमार आदि थे।