जौनपुर। टीबी मुक्त ग्राम पंचायत बनाने के लिए जिले में घर-घर टीबी के मरीज खोजे जाएंगे। इसके लिए 100 दिन का प्लान तैयार कर लिया गया है। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. राकेश सिंह ने बताया कि बताया कि जिले के कुल आबादी के प्रतिशत का सर्वे कराया जाएगा। एक जनवरी से 24 मार्च तक 100 दिन का प्लान तैयार किया गया है। अभियान के तहत क्षेत्र की एएनएम, सीएचओ, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को हर घर से दो सैंपल लेने होंगे और इनकी जांच की जाएगी। टीबी रोग को वर्ष 2025 तक समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी रिपोर्ट अगले ही दिन भेजनी होगी, ताकि रोगी की पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके। संबंधित सीएचसी और पीएचसी के प्रभारियों को इसके लिए व्यवस्थाएं करने का आदेश दिया जा चुका है।