रामपुर/बरसठी क्षेत्र के औंरा गांव में शनिवार की भोर में कच्चा मकान ढह गया। उसके मलबे में दबने से अंदर सो रहे वृद्ध की मौत हो गई। ग्रामीणों ने शव को मलबे से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
औंरा गांव के यादवनगर बस्ती निवासी लाल मोहम्मद रोज की तरह खाना खाने के बाद कच्चे मकान में सो गए। परिवार के अन्य बगल में स्थित दूसरे मकान में सो रहे थे। भोर में करीब साढ़े तीन बजे अचानक कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। मलबे में दबकर लाल मोहम्मद गंभीर रूप से जख्मी हो गए। तेज आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। मलबे में दबे लाल मोहम्मद कराहते हुए मदद की गुहार लगा रहे थे। जब तक मलबे से उन्हें बाहर निकाला जाता, उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।