जलालपुर के पराउगंज बाजार में शिवम क्लिनिक सील। स्रोत-स्वास्थ्य कर्मी
जलालपुर। मासूम की मौत के बाद जलालपुर के पराउगंज बाजार स्थित शिवम क्लिनिक को शनिवार को सील कर दिया गया। डीएम के निर्देश पर ये कार्रवाई एसडीएम केराकत सुनील कुमार भारतीय ने की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गलत इंजेक्शन लगाने से मासूम की मौत हुई है। केराकत थाना क्षेत्र के छतरीपुर गांव निवासी सतीश विश्वकर्मा के बेटे ओम (5)को चार दिन पहले तेज बुखार आ रहा था। उसे उपचार के लिए परिजन रात में 11 बजे पराऊगंज बाजार स्थित शिवम क्लिनिक ले गए। वहां डॉक्टर ने बच्चे को कोई इंजेक्शन लगा दिया।
कुछ देर बाद ही बच्चे की हालत बिगड़ने लगी। यह देख डॉक्टर के हाथ पैर फूल गए। उन्होंने परिजनों से कहा कि बच्चे की हालात ठीक नहीं है। आप लोग दूसरे डॉक्टर को दिखा लीजिए। बच्चे को लेकर परिजन जौनपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में मासूम की मौत हो गई। परिजन वापस आकर अस्पताल के डॉक्टर पर आरोप लगाया कि बच्चे को गलत इंजेक्शन दे दिया गया था।
इसके कारण उसकी जान चली गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पराऊगंज बाजार में केराकत-जलालपुर मार्ग शव रखकर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ने समझा बुझाकर रास्ता खुलवाया गया था।
एसडीएम के साथ क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल रंजन व अधीक्षक डॉ. आलोक कुमार सिंह, डॉ. अरुण भारती पीएमपी नोडल की उपस्थिति में शनिवार को शिवम क्लिनिक सील कर दिया गया। अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल का कोई कागजात नहीं है। अस्पताल ने कोई मानक पूरा नहीं किया था। अवैध रूप से संचालन होने पर अस्पताल को सील कर दिया गया।