संशोधित--बदलापुर कस्बे के शाहगंज रोड स्थित मानस हॉस्पिटल को रजिस्ट्रेशन के अभाव में सील करने की
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को कस्बे के तीन अस्पतालों पर छापा मारा। जहां रजिस्ट्रेशन के अभाव में एक अस्पताल सील कर दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई से अस्पताल संचालक में हलकान रहे। तहसीलदार योगेंद्र पांडेय के नेतृत्व में पहुंची टीम सर्व प्रथम शाहगंज रोड स्थित मानस हॉस्पिटल पर पहुंची। जहां संचालक से रजिस्ट्रेशन दिखाने की बात कही, लेकिन संचालक रजिस्ट्रेशन नहीं दिखा सके। इसके चलते टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। अस्पताल में भर्ती मरीज करिश्मा, खुशबू यादव को प्रसव के बाद तो श्वेता गौतम को सीजर कर भर्ती किया गया था जिन्हें किसी प्रकार की समस्या न होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके बाद टीम सीधे वैष्णवी हॉस्पिटल पहुंची जहां अस्पताल बंद मिला। इसी तरह विमला हॉस्पिटल पर पहुंची टीम ने नोटिस चस्पा कर शीघ्र समस्त कागजात प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। चिकित्साधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि मानक के विपरीत चल रहे अस्पतालों की जांच निरंतर चलती रहेगी। अस्पताल संचालक रजिस्ट्रेशन के साथ समस्त कागजात दुरुस्त रखें अन्यथा सीधे सील करने की कार्रवाई की जाएगी। टीम में नोडल अधिकारी डॉ अरुण कुमार भारती, डॉ एके सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार मौर्य रहे।